मंगलवार व्रत कथा - सम्पूर्ण कथा, पूजा, उद्यापन विधि, 21 नाम

मंगलवार व्रत कथा - सम्पूर्ण कथा, पूजा, उद्यापनविधि, 21 नाम

मंगलवार व्रत का महत्व

भारत देश पुरातन समय से ही धर्म और त्योहारों का देश रहा है, यहाँ पर हर दिन कोई न कोई त्योहार होता है और उसे मनाने के तरीके भी अलग अलग होते हैं। सप्ताह से सातो दिन व्रत रखे जाते हैं कोई सोमवार का व्रत रखता है भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए तो कोई तो कोई मंगलवार का मंगल भगवान या हनुमान ज़ी के आशीर्वाद के लिए, कोई बुधवार का व्रत गणेश भगवान या बुध देव की श्रद्धा हेतु तो तो कोई ब्रहस्पतिवार का भगवान विष्णु की भक्ति के लिए, कोई शुक्रवार का तो कोई शनिवार का, हर दिन व्रत और पूजा। हर व्रत का अपना अलग अलग महत्व, प्रयोजन और फल मिलता है। कई व्रत को अपने मंगल गृह की शांति के लिए भी लिए भी करते हैं क्योंकि मंगल अगर अनिष्टकारी है तो जीवन में कष्ट देता है। परन्तु हर रूप में व्रत मानव के लिए हितकारी ही है। व्रत से इंसान से शरीर से रोग और मन से पाप दोनों का ही नाश होता है और जीवन में सौभाग्य और स्वस्थ शरीर का उदय होता है। भारतीय ऋषि मुनियों ने भी कहा है की गलत कर्मो के फलस्वरूप मिलने वाले दुःख और कष्टों को व्रत के द्वारा दूर किया जा सकता है।


मंगलवार मंगल भगवान का दिन माना जाता है और जब मंगल देवता प्रसान होते हैं तो अपार धन सम्पदा, प्रसन्नता, स्वास्थ्य, ऐश्वर्य, ज्ञान, और सौभाग्य प्रदान करते हैं। मंगल देव की कृपा से आप शत्रु पर विजय प्राप्त करते हैं, अच्छी नौकरी और व्यापार सब मंगल देव की कृपा से संभव है। परन्तु अगर मंगल भगवान कुपित हो अर्थात अगर मंगल देव नीच स्थान पर हो तो शरीर में व्याधियां, पराजय, दुःख, दुर्भाग्य, अज्ञान और निसन्तान होने का कष्ट भोगना होता है जिसे इस मंगलवार के व्रत द्वारा सही किया जा सकता है।
सुख-वैभव, सन्तान की प्राप्ति तथा दुःख और कष्टों के समाधान के लिए मंगलवार का व्रत करना चाहिए। स्वभाव की क्रूरता, रक्त विकार, सन्तान की चिन्ता, सन्तान को कष्ट, कर्जे को चुकाना, धन की प्राप्ति न होना आदि निवारण हेतु मंगलवार का व्रत अति उत्तम एवं श्रेष्ठ है।

मंगलवार व्रत विधि

अगर आप भी मंगलवार के व्रत को करने के बारे में सोच रहे हैं तो कोई परेशानी नहीं है क्योंकि इस मंगलवार व्रत को स्त्री और पुरुष दोनों ही कर सकते है और यह व्रत सभी स्त्री और पुरुष के लिए समान रूप से मंगलकारी है। व्रत आरम्भ करने के लिए आपको मंगलवार के दिन सुबह जल्दी उठकर नित्य क्रियाओ से मुक्त होकर, तिल और आंवले के चूर्ण को लगा कर स्नान कर ले और अपने शरीर को पूर्णतः स्वच्छ कर ले। स्वच्छ लाल रंग के कपडे पहन कर लाल चावलों का अष्ट दल कमल बनावें और उस पर स्वर्ण की मूर्ति बनवाकर प्रतिष्ठादि करें। लाल अक्षत, लाल पुष्प, लाल चन्दन एवं लाल धान्य गेहूं सूजी आदि के बने हुए भोजन का भोग लगावें। घर को भी पूर्णतः झाड़ू पोछा मार कर साफ़ कर ले या अगर मिटटी का घर है तो घर को लीप ले अर्थात खुद को और घर को दोनों को स्वच्छ और शुभ बनाकर पति/पत्नी सहित मंगल देवता का पूजन करें। मंगल देवता का ध्यान करें एवं मंगल देव के इक्कीस नामों का जाप करें जो निम्न हैं-

मंगल देवता के 21 नाम

मंगल देवता के 21 नाम जिनका मंगलवार को जाप करना है और जिन नाम के जप से मंगल देव प्रसन्न होते हैं वो इस प्रकार हैं:-
  1. मंगल 
  2. भूमिपात्र
  3. ऋणहर्ता 
  4. धनप्रदा 
  5. स्थिरासन 
  6. महाकाय
  7. सर्वकामार्थसाधक 
  8. लोहित
  9. लोहिताज्ञ
  10. सामगानंकृपाकर
  11. धरात्मज
  12. कुज
  13. भौम
  14. भूमिजा
  15. भूमिनन्दन
  16. अंगारक
  17. यम
  18. सर्वरोगहारक
  19. वृष्टिकर्ता
  20. पापहर्ता
  21. सब काम फल दाता

मंगलवार नाम जपने के साथ साथ सुख और सौभाग्य के लिए मंगल देव से प्रार्थना करें। जहाँ पूजा कर रहे हैं वह पर घी का चौमुखी दीपक जलावें। यदि आप मंगलवार के व्रत को प्रारम्भ कर रहे हैं तो इस व्रत को लगातार इक्कीस दिन मंगलवार व्रत करें। इक्कीस लड्‌डुओं का भोग लगाकर ब्राह्‌मण को दें। व्रत के दिन केवल एक समय ही भोजन करें। और व्रत के उद्यापन में अंत में 21 ब्राह्मणों को भोजन कराये और उन्हें यथाशक्ति दान दे। आचार्य को अपनी सामर्थ्य के अनुसार दक्षिणा देकर लाल बैल का दान करें और फिर स्वयं भोजन करें।


यदि मंगलवार के दिन अगर आपका व्रत हो और स्वाति नक्षत्र भी हो तो उस दिन जल्दी सुबह उठकर नित्य कर्मो से निवृत्त होकर मंगलयंत्र या मंगल देव की मूर्ति का निर्माण करें, और उसी मंगल की मूर्ति की पूजा लाल रंग के फूलों से करें, लाल रंग के वस्त्र पहनावें और गुड़, घी और गेहूं के बने पदार्थों से बने भोजन का भोग लगावें। व्रत के दिन केवल एक समय ही भोजन करें, उत्तम होगा अगर केवल रात के समय ही भोजन करें। परन्तु भोजन केवल एक बार ही करें। पृथ्वी पर ही शयन करें, इस प्रकार मंगलवार का व्रत करें और सातवें मंगलवार व्रत को मंगल देवता की स्वर्ण मूर्ति का निर्माण करें और उसकी पूजा करें, उन्हें लाल रंग के वस्त्र पहनावें, लाल चन्दन, षटगंध, धूप, पुष्प, सदचावल, दीप आदि से पूजा करें, सफेद कसार का भोग लगावें। तिल, चीनी, घी का सांकल्य बना कर 'ओम कुजाय नमः स्वाहा' से हवन करें। हवन और पूजा के बाद ब्राह्‌मण को भोजन करावें और मंगल की मूर्ति ब्राह्‌मण को दक्षिणा में दें तो मंगल ग्रह जनित कष्ट और दुर्भाग्य का अंत होता है और मंगल देव के कृपा से सुख-शान्ति, संपत्ति, ज्ञान, यश और ऐश्वर्य में बढ़ोत्तरी होती है।

मंगलवार की पूजा करने, नाम जप करने, व्रत करने, मंगलवार की कथा कहने और सुनने, मंगलवार आरती करने और प्रसाद भक्तों में बाटने से हर तरह के दुखो का नाश हो जाता है, और ज्ञान, प्रकाश, सुख, शांति, संतान प्राप्ति, शत्रु विजय, धन की प्राप्ति होती है। स्त्री तथा कुँवारी कन्याओं के लिए यह मंगलवार का व्रत विशेष रूप से लाभप्रद है। इस अति मंगलकारी व्रत के प्रभाव से विवाहित स्त्रियाँ को अखण्ड सुख संपत्ति तथा आयु की प्राप्ति होती है और वह सदा सुहागिन रहती हैं अर्थात्‌वे कभी भी विधवा नहीं होती हैं। विवाहित महिलाओं को पार्वती मंगल, गौरी पूजन करके मंगलवार व्रत विधि कथा अथवा मंगला गौरी व्रत कथा सुननी चाहिए।

मंगलवार व्रत कथा

व्यास जी ने कहा- एक बार नैमिषारण्य नामक तीर्थ में अस्सी हजार मुनि एकत्रित हुए और उन्होंने वहां उपस्थित श्री सूत जी से पूछा - हे महामुने! हमने आपसे पुराणों की अति कल्याणकारी कथाएं सुनी हैं जिसमे से किसी कथा से धन मिलता है और किसी से प्रसन्नता, अब कृपा करके हमें एक ऐसी व्रत और कथा बतायें जिसको विधि पूर्वक करने से सन्तान की प्राप्ति भी हो तथा मनुष्यों को रोग, शोक, अग्नि, सर्व दुःख आदि का भय भी दूर हो क्योंकि कलियुग में सभी जीवों की आयु बहुत कम है। फिर इस पर उन्हें रोग-चिन्ता के कष्ट लगे रहेंगे तो फिर वह श्री हरि के चरणों में अपना ध्यान कैसे लगा सकेंगे।

सभी पुराणों के ज्ञाता श्री सूत जी बोले- हे ज्ञानी मुनियों! आपने लोक कल्याण के लिए बहुत ही उत्तम बात कही है। द्वापर युग में युधिष्ठिर ने भी भगवान श्रीकृष्ण से यही प्रश्न किया था। भगवान श्रीकृष्ण और युधिष्ठिर का वह संवाद तुम्हारे सामने कहता हूं, ध्यान देकर सुनो।

एक समय पाण्डवों की सभा थी और श्रीकृष्ण भगवान भी सभा में बैठे हुए थे। धर्मराज युधिष्ठिर भी आने वाले कलयुग के लिए चिंतित थे। युधिष्ठिर को चिन्तित देखकर सर्वव्यापी और सर्वज्ञानी श्री कृष्ण भगवान बोले- ‘हे युधिष्ठिर इस प्रकार चिंता में क्यों हो?’ तब युधिष्ठिर ने भगवान श्रीकृष्ण से बोले - हे प्रभु! हे यशोदा नंदन! मैं आपने वाले कलयुग के लिए अति चिंतित हूँ क्योंकि लोगो में हरि भक्ति कम हो रही है और आने वाले कलयुग में तो भक्ति हीन मनुष्य माया के अधीन होकर बहुत प्रकार के रोग चिंता से घिर जायेगा, नि:सन्तान रहेगा, और कष्ट भोगेगा, प्रभु! आप कुछ ऐसा बताये जिसके करने से मनुष्य को रोग-चिन्ता का भय समाप्त हो और उसको पुत्र की प्राप्ति हो।

श्रीकृष्ण भगवान बोले- हे राजन्‌! मैं एक प्राचीन इतिहास सुनाता हूं, उसे आप ध्यानपूर्वक सुनिए क्योंकि यह कथा ही आने वाले समय में समस्त दुखो का नाश करने वाली और निसंतान दम्पति लोगो को सन्तान प्राप्ति कराने वाली होगी-

कुण्डलपुर नामक एक नगर था, उसमें नन्दा नामक एक ब्राह्‌मण रहता था। ब्राह्मण के पास भगवान की दया से सब कुछ था परन्तु उसकी कोई संतान नहीं थी इस वजह से वह बहुत दुःखी रहता था। ब्राह्मण की पत्नी कानाम सुनंदा था वह वह पतिव्रता थी और हमेशा अपने पति की मन से सेवा किया करती थी। वह भक्तिपूर्वक श्री हनुमान भगवान की पूजा आराधना किया करती थी। ब्राह्मण पत्नी हर मंगलवार को विधिपूर्वक मंगवार का पूजा पाठ करती और व्रत करके अन्त में भोजन बना कर हनुमान जी को भोग लगाने के बाद स्वयं भोजन करती थी। ऐसे ही समय बीतता रहा। एक दिन मंगलवार के दिन ब्राह्मण पत्नी घर के काम में अधिक व्यस्त होने के कारण हनुमान जी को भोग न लगा सकी, तो इस पर उसे बहुत दुःख हुआ। ब्राह्मण पत्नी ने उस दिन सुबह से कुछ भी नहीं खाया और अपने मन में प्रण किया कि अब आने वाले अगले मंगवार तक अन्न जल भोजन नहीं ग्रहण करेगी और भगवान हनुमान को भोग लगाकर ही अन्न-जल ग्रहण करेगी।

ब्राह्‌मणी सुनन्दा पूर्व की तरह रोज भोजन बनाती, श्रद्धापूर्वक अपने पति को खिलाती, परन्तु स्वयं भोजन नहीं करती और मन ही मन श्री हनुमान जी की पूजा आराधना करती थी। इसी प्रकार छः दिन गुजर गए, और ब्राह्‌मणी सुनन्दा अपने निश्चय के अनुसार भूखी प्यासी निराहार रही, फिर अगले मंगलवार को ब्राह्‌मणी सुनन्दा प्रातः काल ही बेहोश होकर गिर पड़ी।

ब्राह्‌मणी सुनन्दा की इस असीम भक्ति भाव से हनुमान भगवान बहुत प्रसन्न हुए और प्रकट होकर बोले - सुनन्दा! मैं तुम्हारी भक्ति से अति प्रसन्न हूं, उठ जा और अपना इक्षित वर मांग।

सुनन्दा अपने आराध्य देव श्री हनुमान जी को देखकर हनुमान जी के चरणों में गिर पड़ी और उसके आँखों से अश्रु की धरा बहने लगी और वह बोली- 'हे प्रभु! मेरी कोई सन्तान नहीं है, कृपा करके मुझे सन्तान प्राप्ति का आशीर्वाद दें, आपकी अति कृपा होगी।'

श्री हनुमान जी बोले -'जैसा तूने कहा वैसा ही होगा। तुम्हे एक कन्या पैदा होगी उसके अष्टांग प्रतिदिन सोना दिया करेंगे।' ऐसा कह कर श्री हनुमान भगवान जी अन्तर्ध्यान हो गये। ब्राह्‌मणी सुनन्दा बहुत खुश हुई और जब शाम के समय ब्राह्मण देव घर आये तो उन्हें यह समाचार विस्तारपुर्वक सुनाया। ब्राह्‌मण देव कन्या का वरदान सुनकर कुछ दुःखी हुए, परन्तु सोना मिलने की बात सुनी तो बहुत प्रसन्न हुए। सोचने लागे कि ऐसी कन्या के साथ उनकी निर्धनता भी समाप्त हो जाएगी।

जैसा श्री हनुमान जी ने वरदान दिया था जल्द ही ब्राह्‌मणी गर्भवती हुई और भगवान हनुमान ज़ी की कृपा से दसवें महीने में ही ब्राह्मणी के गर्भ से बहुत ही सुन्दर कन्या का जन्म हुआ। यह बच्ची, अपने पिता के घर में ठीक उसी तरह से बढ़ने लगी, जिस प्रकार शुक्लपक्ष का चन्द्रमा बढ़ता है। दसवें दिन ब्राह्‌मण ने उस बालिका का नामकरण संस्कार कराया, उसके कुल पुरोहित ने उस कन्या का नाम रत्नावली रखा, क्योंकि यह कन्या सोना प्रदान किया करती थी, इस कन्या ने पूर्व-जन्म में बड़े ही विधान से मंगलदेव का व्रत किया था।

हनुमान जी का जैसा वरदान था रत्नावली का अष्टांग बहुत सा सोना देता था, जल्द ही उस सोने के कारण ब्राह्‌मण बहुत ही धनी हो गया। और अब ब्राह्‌मणी भी अपने पर अभिमान करने लगी थी। समय बीतता गया, अब ब्राह्मण कन्या रत्नावली भी बड़ी हो गयी। अब वह दस वर्ष की हो चुकी थी। एक दिन जब नन्दा ब्राह्‌मण प्रसन्न चित्त था, तब ब्राह्मणी ने अपने पति से कहा- 'हमारी पुत्री रत्नावली विवाह के योग्य हो गयी है, अतः हमें अब कोई सुन्दर तथा योग्य वर देखकर इसका विवाह कर देना चाहिए।' यह सुन ब्राह्‌मण बोला- 'अभी तो हमारी कन्या बहुत छोटी है' । तब ब्राह्‌मणी बोली- 'शास्त्रों की आज्ञा है कि कन्या आठवें वर्ष में गौरी, नौ वर्ष में राहिणी, दसवें वर्ष में कन्या इसके पश्चात रजस्वला हो जाती है। गौरी के दान से पाताल लोक की प्राप्ति होती है, राहिणी के दान से बैकुण्ठ लोक की प्राप्ति होती है, कन्या के दान से इन्द्रलोक में सुखों की प्राप्ति होती है। अगर हे पतिदेव! रजस्वला का दान किया जाता है तो घोर नर्क की प्राप्ति होती है।'

इस पर ब्राह्‌मण बोला -'अभी तो रत्नावली मात्र दस ही वर्ष की है और मैंने तो सोलह-सोलह साल की कन्याओं के विवाह कराये हैं अभी इतनी जल्दी ठीक नहीं।' तब ब्राह्‌मणी सुनन्दा बोली- 'आपको आपको तो लोभ अधिक हो गया लगता है। शास्त्रों में कहा गया है कि माता-पिता और बड़ा भाई रजस्वला कन्या को देखते हैं तो वह अवश्य ही नरकगामी होते हैं।'

तब ब्राह्‌मण बोला- 'ठीक है, कल मैं अवश्य ही योग्य वर की तलाश में अपना दूत भेजूंगा।' दूसरे दिन ब्राह्‌मण ने अपने दूत को बुलाया और आज्ञा दी कि मेरी कन्या योग्य सुन्दर और समर्थ वर उसके लिए तलाश करो। जैसा ब्राह्मण ने कहा था दूत ने सुना और आज्ञा लेकर निकल पड़ा। नगर से नगर भ्रमण करते समय दूत पम्पि नगर पहुंचा, पम्पई नगर में उसने एक सुन्दर लड़के को देखा। दूत ने आस पास के लोगो से उस लड़के का विवरण पता किया तो उसे पता चला की वह सुन्दर लड़का उसी नगर का निवासी और ब्राह्‌मण परिवार का बहुत गुणवान पुत्र था, इसका नाम सोमेश्वर था। दूत ने लड़के के बारे में जानकारी जुटाकर अपने नगर जाकर अपने स्वामी ब्राह्मण को पूर्ण विवरण दिया। ब्राह्‌मण नन्दा उस नगर गया और उस लड़के सोमेश्वर के माता पिता से मिला और उनसे मिलने पर संतुष्ट हुए और लड़के और उसके परिवार को अपनी कन्या हेतु सुयोग्य जान सोमेश्वर से अपने कन्या के विवाह की बात तय कर ली और फिर शुभ मुहूर्त में विधिपूर्वक कन्या दान करके ब्राह्‌मण-ब्राह्‌मणी संतुष्ट हुए।

ब्राह्मण कन्या रत्नावली के विवाह के पश्चात भी ब्राह्मण खुश नहीं था क्योंकि उसे चिंता हो रही थी कि अब तो जो रत्नावली के कारण प्रतिदिन सोना मिलता था वह अब नहीं मिलेगा और विवाह में भी काफी धन खर्च हो गया था और जो धन अब शेष बचा है वो भी धीरे धीरे कर के समाप्त हो जायेगा। इसलिए धन के लोभ की वजह से उसकी प्रसन्नता चली गयी थी और वो सोच रहा था की उसने रत्नावली का विवाह करके शायद भूल कर दी है। इसलिए अब वो सोचने लगा था की कुछ ऐसा उपाय किया जाये जिससे रत्नावली घर में ही बनी रहे और अपने ससुराल न जाये। लोभ रूपी राक्षस ब्राह्‌मण के मस्तिष्क पर छाता जा रहा था। रात भर इसी कारण ब्राह्मण को नीद नहीं आई और पूरी रात वो चिंता करते बेचैनी में ही कट गई और उसने बहुत ही क्रूर निर्णय लिया की जब उसकी पुत्री को लेकर सोमेश्वर अपने घर के लिए जाएगा तो वह मार्ग में छिप कर सोमेश्वर का वध कर देगा और फिर अपनी कन्या को अपने घर ले आवेगा, जिससे उसे पहले की तरह सोना मिलता रहेगा और समाज में उसकी प्रतिष्ठा भी धूमिल नहीं होगी।

जब सुबह हुई तो कन्या को विदा करने का समय भी आ गया तो ब्राह्मण-ब्राह्मणी ने अपनी कन्या और अपने जमाई को बहुत सारा धन देकर विदा किया। सोमेश्वर अपनी पत्नी रत्नावली को लेकर ससुराल से अपने नगर की ओर चल दिया।

ब्राह्‌मण नन्दा लोभ के वशीभूत होकर अपनी मति खो चूका। और जैसा उसने पहले से ही निश्चय कर रखा था उसने अपने दूत को अपने जमाई का वध करने के लिए भेज दिया। ब्राह्‌मण के दूत ने ब्राह्मण के कहे अनुसार रस्ते में छिपकर ब्राह्मण के जमाई सोमेश्वर का वध कर दिया। जब उसे उसके जमाई की मृत्यु का समाचार मिला तो वह ब्राह्मणी के साथ उस मार्ग में पहुंचा जहा सोमेश्वर का शव रखा हुआ था और दुःख होने का ढोंग करता हुआ अपनी पुत्री रत्नावली से बोला-'हे पुत्री! मार्ग में लुटेरों ने तेरे पति का वध कर दिया है। भगवान की इच्छा के आगे किसी का कोई वश नहीं चलता है। अब तू घर चल, वहां पर ही रहकर शेष जीवन व्यतीत करना। जो भाग्य में लिखा है वही होगा।'

रत्नावली को अपने पिता के पाप कर्म का पता नहीं था उसे भी यही लगा की लुटेरो ने उसके पति का वध कर दिया है। रत्नावली अपने पति सोमेश्वर की मृत्यु से बहुत दुःखी हुई और करूँ कृन्दन व रुदन करते हुए अपने पिता से बोली- 'हे पिताजी! इस संसार में जिस स्त्री का पति नहीं है उसका जीना व्यर्थ है, मैं अपने पति के मृत देह के साथ ही सती होकर अपने इस जन्म को, माता-पिता के नाम को तथा सास-ससुर के यश को सार्थक करूंगी।'

ब्राह्‌मण नन्दा अपनी पुत्री रत्नावली के इन वचनों को सुनकर बहुत दुःखी हुआ। और सोचने लगा कि- मैंने व्यर्थ ही जमाई वध का पाप अपने सिर लिया। रत्नावली तो उसके पीछे अपने प्राण तक देने को तैयार है। मेरा तो जन्म और मरण दोनों ही व्यर्थ हो गया क्योंकि अब तो न धन ही रहेगा और इस पाप कर्म के कारण न ही स्वर्ग को प्राप्त होऊंगा। यह सोचकर वह बहुत खिन्न हुआ।

सोमेश्वर की चिता बनाई गई। रत्नावली सती होने के लिए अपने पति का सिर अपनी गोद में रखकर चिता में बैठ गई। जैसे ही सोमेश्वर की चिता को अग्नि लगाई गई वैसे ही प्रसन्न हो मंगलदेव वहां प्रकट हुए और बोले- 'हे रत्नावली! मैं तेरी पति भक्ति से बहुत प्रसन्न हूँ इसलिए जो चाहे वर मांग।' रत्नावली बोली – ‘हे देव, अगर आप सच में मुझ पर प्रसन्न है तो मेरे पति को जीवन दे’। तब मंगल देव बोले- 'रत्नावली! तेरा पति अजर-अमर है। यह महाविद्वान भी होगा। और इसके अतिरिक्त तेरी जो इच्छा हो वर मांग।'

तब रत्नावली बोली- 'हे देव! आपने मेरे पति को जीवित कर मुझे सब कुछ दे दिया है इसलिए मुझे और कुछ नहीं चाहिए पर अगर आप और भी कुछ देना चाहते है तो मुझे यह वरदान दीजिये कि जो भी मनुष्य मंगलवार के दिन प्रातः काल लाल पुष्प, लाल चन्दन से पूजा करके आपका स्मरण करे उसको रोग-व्याधि न हो, स्वजनों का कभी वियोग न हो, सर्प, अग्नि तथा शत्रुओं का भय न रहे, जो स्त्री मंगलवार का व्रत करे, वह कभी विधवा न हो।''

मंगलदेव बोले -'ऐसा ही हो' और यह कह कर वह अन्तर्ध्यान हो गये।

सोमेश्वर मंगलदेव की कृपा से जीवित हो उठा। रत्नावली अपने पति को पुनः प्राप्त कर बहुत प्रसन्न हुई और मंगल देव का व्रत प्रत्येक मंगलवार को करके मंगलदेव की कृपा से इस लोक में सुख-ऐश्वर्य को भोगते हुए अन्त में अपने पति के साथ स्वर्ग लोक को गई।

इति श्री मंगलवार व्रत कथा

No comments